लखवाड़ बांध परियोजना में युवाओं को स्थाई रोजगार देने और प्रतिकर भुगतान की मांग उठाई
नई टिहरी, 03 नवंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में लखवाड बांध परियोजना के संबंध में बैठक आयोजित की गई। जिसमें संघर्ष संयुक्त समिति जौनपुर-जौनसार के प्रतिनिधियों ने परियोजना से प्रभावित परिवारों की समस्याओं व मांगों को प्रमुखता से उठाया।
मंगलवार आहूत बैठक में यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा युवाओं के स्थायी रोजगार के लिए 40 पदों को फ्रीज करने, 400 अन्य पदों को अनफ्रीज कर भर्ती विज्ञापन जारी करने, यूजेवीएनएल के लखवाड़ बांध कार्यालय, अतिथि गृह व अन्य स्थानों पर प्रभावित युवाओं को अनुबंध के आधार पर नियुक्ति देने की मांग रखी गई। परियोजना से पूर्ण प्रभावित ग्राम रणोगी, कुन्ना व लोहारी के विस्थापन, पूर्व में अधिग्रहित भूमि के संबंध में प्रभावित काश्तकारों को अनुग्रह राशि का भुगतान, परिसंपत्तियों का मूल्यांकन व घराट, अन्य व्यावसायिक परिसंपत्तियों का मूल्यांकन कर प्रतिकर देने की मांग की।
परिवार गणना वर्ष 2023 की विसंगतियों को दूर करने, कृषि मजदूरी की दर वर्तमान दरों के अनुरूप निर्धारित करने, परिवार गणना की कटऑफ 2026 किए जाने, बांध हेतु नई अधिग्रहित भूमि के प्रभावित काश्तकारों के लिए जमरानी बांध की आर एंड आर पॉलिसी के अनुरूप नीति निर्धारित करने, कैंपटी बाजार की बाजार दरों के आधार पर नई अधिग्रहित भूमि की दरें तय करने की मांग भी रखी गई।
डीएम ने अधिकारियों को इस बाबत जरूरी निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम धनोल्टी अंशुल भट्ट, एसएलएओ नीलू चावला, बीना सेमवाल, यूजेवीएनएल से डीजीएम शिवदास, जेई संजय रावत, ईई सिविल प्रकाश चौहान, समिति के अध्यक्ष महिपाल सिंह, उपाध्यक्ष आनंद तोमर, कंडी गांव के प्रधान आनंद रावत, सुरेश रावत, जसपाल सिंह मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी