रामनगर नगर पालिका के कार्यों की जांच होगी, समिति गठित

 


नैनीताल, 28 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नगर पालिका परिषद रामनगर के कार्यों की जांच के लिए उप जिलाधिकारी रामनगर की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया है। समिति में उप कोषाधिकारी रामनगर को सदस्य बनाया गया है। समिति नगर पालिका द्वारा कूड़े एवं एकल उपयोग प्लास्टिक के निस्तारण की व्यवस्था के साथ पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद रामनगर की ओर से कूड़े एवं एकल उपयोग प्लास्टिक के निस्तारण के लिए हल्द्वानी स्थित झील विकास प्राधिकरण के प्लास्टिक संयंत्र का उपयोग किए जाने की जानकारी दी गई है, जबकि उक्त संयंत्र के वर्तमान में क्रियाशील नहीं होने की सूचना है। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति और उसके पर्यावरणीय एवं जनस्वास्थ्य संबंधी प्रभावों का परीक्षण आवश्यक है।

जांच समिति नगर पालिका द्वारा वर्तमान में कूड़े एवं एकल उपयोग प्लास्टिक का कहां और किस प्रकार निस्तारण किया जा रहा है, इसकी अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच करेगी। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में ब्लीचिंग पाउडर, डीबीटी और अन्य आवश्यक रसायनों के भंडार, खरीद तथा भंडार पंजिका में की गई प्रविष्टियों की स्थिति की भी जांच की जाएगी।

नगर पालिका के कार्मिकों एवं पर्यावरण मित्रों की शासन द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप जैवमितीय उपस्थिति दर्ज किए जाने की स्थिति भी जांच के दायरे में होगी। समिति को सभी संबंधित साक्ष्यों एवं अभिलेखों के साथ तथ्यात्मक, स्पष्ट और बिंदुवार जांच आख्या 15 दिनों के भीतर जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी