रामगढ़ महाविद्यालय में विविध प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों में उत्साह

 


नैनीताल, 09 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद के महाविद्यालय रामगढ़ में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सम सामयिक आर्थिक-सामाजिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साह, रचनात्मकता एवं विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण का परिचय दिया।

इस अवसर पर आयोजित अर्थशास्त्र परिषद की भाषण प्रतियोगिता में यमुना प्रथम, ललिता द्वितीय तथा प्रियांशु पाल तृतीय स्थान पर रहे। वहीं समाजशास्त्र परिषद की प्रतियोगिता में ललिता प्रथम एवं यमुना द्वितीय रही। संस्कृत विभाग की निबंध प्रतियोगिता में ललिता प्रथम, ममता द्वितीय एवं अंजलि तृतीय रहीं, जबकि प्रश्नोत्तरी में सूरज प्रथम, ममता द्वितीय एवं ललिता तृतीय स्थान पर रही।

पीएमआईएस योजना के अंतर्गत बीना, हिमांशी, दीपेश, रीता एवं हिमानी ने पंजीकरण कराया। प्राचार्य प्रो. नगेंद्र द्विवेदी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन एवं वैश्विक दृष्टिकोण का विकास करती हैं। इस दौरान राजनीति विज्ञान परिषद की ओर से ई-ग्रंथालय एवं पुस्तकालय विषय पर चर्चा आयोजित की गई, जिसमें डॉ. संध्या गड़कोटी ने पुस्तकों के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निर्मला रावत ने किया, जबकि निर्णायक मंडल में डॉ. नीमा पंत, डॉ. हरेश राम एवं डॉ. संध्या गड़कोटी शामिल रहे।

डॉ. नीमा पंत ने पश्चिम एशिया के युद्ध पर विस्तृत विचार रखते हुए शांति को ही समाधान बताया। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. हरीश चन्द्र जोशी ने स्वागत किया तथा अंत में डॉ. माया शुक्ला ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कवींद्र प्रसाद, दीप्ति, गणेश, कमलेश, कुंदन एवं प्रेम भारती सहित अन्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी