राज्यपाल ने ‘लखपति दीदी’ महिलाओं को किया सम्मानित

 


नैनीताल, 03 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने बुधवार को लोक भवन नैनीताल में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आयोजित उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में जनपद के भीमताल, कोटाबाग, धारी, रामगढ़, हल्द्वानी व रामनगर विकासखंडों की महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए।

राज्यपाल ने इस अवसर पर लकड़ी की बनी कलाकृतियों, ऐपण कला, बेकरी उत्पादों, अचार, जैम, मसालों व विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन करते हुए महिलाओं की रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशीलता की सराहना की। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर महिलाओं से संवाद किया तथा उत्पादन और विपणन गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ बनी महिलाओं को सम्मानित भी किया।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति अपनी मेहनत, लगन और संकल्प के बल पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल स्थापित कर रही है। महिलाओं की प्रतिभा, नवाचार और आत्मनिर्भरता उत्तराखंड के विकास की मजबूत आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की गुणवत्ता, प्रस्तुतीकरण और विविधता में उल्लेखनीय सुधार दिखाई दे रहा है। महिलाओं ने केवल उत्पाद निर्माण तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि गुणवत्ता सुधार, डिजिटलीकरण और विपणन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है।

राज्यपाल ने महिला उद्यमियों के मूल्य संवर्धन और नवाचार को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और डिजिटल विपणन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में उत्पाद की गुणवत्ता के साथ उसकी आकर्षक प्रस्तुति और प्रभावी विपणन भी आवश्यक है।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, सहायक परियोजना निदेशक चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित स्वयं सहायता समूहों की सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी