राजस्व वसूली में तेजी, वादों के निस्तारण पर डीएम नितिका सख्त
नई टिहरी, 29 सितंबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने राजस्व संग्रहण एवं अनुश्रवण समिति की मासिक बैठक में विभागीय राजस्व वसूली, प्रवर्तन कार्रवाई और लंबित राजस्व वादों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप राजस्व प्राप्ति बढ़ाने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण के भी निर्देश दिए।
मंगलवार को जिला सभागार में डीएम नितिका ने राजस्व विभाग को तीन वर्ष से अधिक पुराने वादों की नियमित सुनवाई कर जल्द निस्तारण करने को कहा। तहसीलवार देयकों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। विवादित मामलों और रजिस्ट्री से संबंधित लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर हल करें। एआरटीओ राजेंद्र बिराटिया ने बताया कि अगस्त 2026 माह तक 535.01 लाख रुपये राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.68 प्रतिशत अधिक है।
वाहन चेकिंग में 4,550 चालान किए गए और 227 वाहन सीज किए। जिनसे 77.03 लाख रूपये जुर्माना वसूला। आबकारी विभाग को अगस्त माह तक 68.25 करोड़ रुपये राजस्व मिला। इस दौरान 110 छापों में 454 किलोग्राम अवैध सामग्री बरामद कर 16 केस दर्ज किए। डीएम ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज रखने के निर्देश दिए। अभियोजन की समीक्षा में अधीनस्थ न्यायालयों में विभिन्न अधिनियमों के 94 वाद लंबित पाए गए।
डीएसओ मनोज डोभाल ने बताया अक्तूबर के राशन का उठान पूरा हो चुका है और एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। ढालवाला में गैसनेट के माध्यम से पीएनजी आपूर्ति शुरू हो गई है। राशन कार्डों का 93 प्रतिशत सत्यापन हो चुका है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने अगस्त में 126 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 95 खाद्य नमूने लिए। बैठक में एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, एएसपी अमित कुमार, एसडीएम प्रतापनगर मंजू राजपूत मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी