रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित हुआ राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय ज्योतिर्मठ का वार्षिकोत्सव
ज्योतिर्मठ, 12 अप्रैल (हि.स.)।
धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ज्योतिर्मठ में अवस्थित सीमांत क्षेत्र के एकमात्र उच्च शिक्षा संस्थान राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ का वार्षिकोत्सव यादगार सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं महाविद्यालय के अकादमिक और क्रीड़ा क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सम्मान के साथ संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे जबकि समाजसेवी हेमकुंड साहिब मैंनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित रहे।
सामाजिक कार्यकर्ता और जिला रेड क्रॉस समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश डोभाल, अभिभावक शिक्षक संघ के अध्यक्ष उमेश राणा, उपाध्यक्ष मीना राणा, पूर्व पार्षद और निवर्तमान पी. टी. ए. अध्यक्ष कलम सिंह राणा और डॉ. मित्रश्री विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में सम्मिलित रहे।
वार्षिकोत्सव में छात्र छात्राओं ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और सामाजिक जनजीवन पर आधारित मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के द्वारा अद्भुत समा बांध दिया। इन कार्यक्रमों में एकल नृत्य, नृत्य, समूह नृत्य, एकल और युगल गायन, मांगल गान, शामिल हैं। कॉलेज के एन्टी ड्रग्स प्रकोष्ठ ने नोडल अधिकारी डॉ. चरणसिंह केदारखंडी द्वारा लिखित नशामुक्त जीवन एक वरदान है नाटक की प्रस्तुति के माध्यम से देवभूमि में तेज़ी से फैलते और युवाशक्ति को अपनी चपेट में लेते नशे के कारोबार पर धारदार व्यंग्य किया और समाज को नशामुक्ति का संदेश दिया। समारोह में कार्यक्रम अध्यक्ष और महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और वार्षिक आख्या का वाचन करके कॉलेज की उपलब्धियों को अतिथियों के सम्मुख रखा।
बतौर मुख्य अतिथि अपने उद्बोधन में सती ने बताया कि इस महाविद्यालय से उनका स्थापना काल से ही बहुत गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है, उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में सार्वजनिक मंच की छत का प्रबंध उनके द्वारा किया जाएगा, श्री सती ने यह भी जोड़ा कि वे कॉलेज में स्नातकोत्तर विषयों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत हैं। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने सारगर्भित भाषण में सरदार सेवा सिंह ने कहा कि उच्च शिक्षा देश की संभावनाओं की रीढ़ होती है और राष्ट्र के भविष्य की इबारत लिखती है। सेवा सिंह ने छात्र हित में यह भी घोषणा की कि उनके द्वारा बहुत जल्दी ही महाविद्यालय में सार्वजनिक मंच के विस्तारीकरण का कार्य किया जाएगा और स्वच्छ परिसर के संकल्प के लिए ग्रास कटर मशीनें उपलब्ध करवाई जायेंगीं।
प्रतिभा सम्मान समारोह के तौर पर मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत विभिन्न कक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करके नकद छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले 19 मेधावी विद्यार्थियों को भी स्वर्ण पदक, रजत पदक और कांस्य पदक के साथ साथ प्रमाणपत्र देकर मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने उनके अभिभावकों की उपस्थिति और डॉ. किशोरी लाल के मार्गदर्शन में सम्मानित किया।
वार्षिकोत्सव में क्रीड़ा परिषद के प्रभारी डॉ. पवन कुमार के मार्गदर्शन में वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतियोगी विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। पुरुष वर्ग में सीमांत सिंह फर्स्वाण और महिला वर्ग में प्रियंका को 'चैंपियन' का खिताब मिला। भाला फेंक, दौड़, कैरम, शतरंज, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोलाफेंक प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों का भी सम्मान किया गया। महाविद्यालय की सांस्कृतिक परिषद की ओर से छात्र संघ अध्यक्ष दिव्यांशु, उपाध्यक्ष रिया, सचिव सृष्टि, सह सचिव मनीषा और कोषाध्यक्ष स्नेहा का भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। ओमप्रकाश डोभाल और स्वामी मित्रश्री ने भी युवाओं के साथ प्रेरक संवाद किया।
वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नवीन पंत इतिहासकार/ असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रणजीत सिंह मर्तोलिया द्वारा और छायांकन हरीश नेगी द्वारा किया गया। समारोह में प्रो. सत्यनारायण राव, डॉ. जी.के. सेमवाल, डॉ. नंदन रावत, डॉ. धीरेंद्र सिंह, डॉ. राजेन्द्र सिंह , रणजीत सिंह राणा, जीत सिंह भंडारी, आनंद सिंह, रचना ,जगदीश लाल सहित महाविद्यालय और नगर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण