यूटीईटी में सॉल्वर बैठाने वाला मुख्य अभ्यर्थी काशीपुर से गिरफ्तार
पौड़ी गढ़वाल, 30 सितंबर (हि.स.)।उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) में अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाने वाले मुख्य अभ्यर्थी को कोटद्वार पुलिस ने काशीपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विशाल कुमार ने खुद परीक्षा देने के बजाय बिजनौर निवासी हिमांशु चौहान को अपने स्थान पर परीक्षा देने भेजा था। हिमांशु को पुलिस पहले ही परीक्षा केंद्र से गिरफ्तार कर चुकी है।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि बीती 29 सितंबर को कोटद्वार के कलाबड़ स्थित मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती इंटर कॉलेज में यूटीईटी परीक्षा के दौरान जांच में सामने आया कि विशाल कुमार के स्थान पर हिमांशु चौहान परीक्षा दे रहा था। पूछताछ और सत्यापन के बाद पुलिस ने हिमांशु को मौके से गिरफ्तार कर लिया था।
प्रधानाचार्य की तहरीर पर कोतवाली कोटद्वार में धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। बताया कि विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस को पता चला कि विशाल ने ही हिमांशु को अपने स्थान पर परीक्षा देने भेजा था। इसके बाद पुलिस टीम ने बुधवार को काशीपुर के खेड़ा गंज निवासी विशाल कुमार पुत्र हरिशंकर को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह