यूकेपीएससी : अधीक्षक परीक्षा 22 मार्च को
-परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू
हरिद्वार, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के तत्वावधान में अधीक्षक (महिला कल्याण विभाग) स्क्रीनिंग परीक्षा–2025 (वस्तुनिष्ठ) का आयोजन 22 मार्च (रविवार) को किया जाएगा।
नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने बताया कि परीक्षा को सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न ढंग से सम्पन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र के आसपास 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है। परीक्षा एकल केंद्र, परीक्षा भवन उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एकल सत्र में संपन्न होगी।
उन्होंने बताया कि किसी भी अभ्यर्थी द्वारा अनुचित साधनों का प्रयोग किए जाने पर उत्तराखंड नकल अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं और अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला