यूओयू हल्द्वानी में राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर क्विज
हल्द्वानी , 03 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय में चतुर्थ चरण का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा 2 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगाा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम संयोजक प्रो. रेनू प्रकाश द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं शिक्षार्थी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया।
इस अवसर पर प्रो. पीडी पंत ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी से पूरे उत्साह एवं सक्रियता के साथ इसमें प्रतिभाग करने की अपील की। विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट ने भी इस आयोजन को उत्साहपूर्वक मनाने तथा सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस ‘वन्दे मातरम्’ विषय पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य शिक्षार्थियों को राष्ट्रीय गीत के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका तथा राष्ट्रीय चेतना एवं देशभक्ति की भावना से परिचित कराना है। इस प्रतियोगिता में 16 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। क्विज प्रतियोगिता में संयोजक डॉ. विनोद कुमार के साथ आयोजन मंडल के सदस्य डॉ. लता जोशी, सुश्री प्रिया बोरा, डॉ. अरुषि ध्यानी, डॉ. दीप प्रकाश, डॉ. दिनेश कांडपाल एवं डॉ. गोपाल गौनिया भी उपस्थित रहे।
इस आयोजन के अंतर्गत 3 नवंबर को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, 4 नवंबर को चित्रकला प्रतियोगिता, 5 नवंबर को निबंध प्रतियोगिता तथा 6 नवंबर को गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। गायन प्रतियोगिता के उपरांत पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित होगा।
विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य शिक्षार्थियों की रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता