यूआयू में 'वन्दे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विविध कार्यक्रमों का शुभारम्भ

 


हल्द्वानी , 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी द्वारा भारत के राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रातः 10 बजे वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्रोफेसर रेनू प्रकाश ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह गीत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणाशक्ति रहा है तथा आज भी देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का सशक्त प्रतीक है।

इस अवसर पर निदेशक अकादमिक प्रोफेसर पी. डी. पंत ने राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति तथा राष्ट्रीय मूल्यों की प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से इन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि वन्दे मातरम् केवल एक राष्ट्रीय गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, त्याग, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में इसकी ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए विश्वविद्यालय परिवार से राष्ट्रहित एवं राष्ट्रीय चेतना से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के लिए विश्वविद्यालय के आगामी कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों एवं राष्ट्रीय मूल्यों से संबंधित गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. खेम राज भट्ट ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 150 से अधिक शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत योग विभाग द्वारा वन्दे मातरम् विषयक सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 68 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय गीत के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका तथा राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूकता का विकास करना था। विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह विशेष श्रृंखला 07 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक चलेगी।

इस अवधि में वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगाँठ के उपलक्ष्य में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें समान्य ज्ञान प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगित तथा निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी निदेशकगण, प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी, कुलसचिव, डॉ भानू जोशी, डॉ दीपक कुमार, डॉ नीता देबोलियाोलिया, दीक्षा बिष्ट, डॉ गोपाल सिंह गौनिया डॉ नमिता वर्मा, डॉ किशोर कुमार, श्रीमती शैलजा तथा विश्वविद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता