यमुनोत्री हाईवे पर विशेषज्ञ मजूदर हटा रहे लुड़कते पत्थर
उत्तरकाशी, 07 अगस्त (हि.स.)। बारिश के बीच यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार सुबह जगह-जगह मलबा आने से करीब चार घंटे तक बाधित रहा। एनएच की टीम ने मशीनें लगाकर करीब नौ बजे मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया, लेकिन सिलाई बैंड सहित कई संवेदनशील स्थानों पर अभी भी आवाजाही जोखिमभरी बनी हुई है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुलिस और एनएच की टीम लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए है।
सिलाई बैंड पर पहाड़ी से लटके चट्टानी मलबे और पत्थरों के कारण लगातार खतरा बना हुआ है।
एनएच की ओर से निर्माण कार्य एजेंसी के विशेषज्ञ मजदूरों को पहाड़ी पर भेजकर लटके हुए मलबे और पत्थरों को नीचे गिराने का काम शुरू किया गया है, ताकि हाईवे पर वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान जरूरत के अनुसार यातायात रोककर मलबा हटाने और खतरे वाले हिस्सों को सुरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है।
एनएच के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि सिलाई बैंड पर रुक-रुककर चट्टानी मलबा और पत्थर गिरने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बीच-बीच में यातायात रोका जा रहा है और निर्माण कार्य एजेंसी के विशेषज्ञ मजदूरों की टीम द्वारा पहाड़ी पर लटके मलबे और पत्थरों को नीचे गिराकर मार्ग को सुरक्षित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल