मेरे सपनों का भारत’ में छात्रों ने रखे विकसित भारत के सपने
पौड़ी गढ़वाल, 30 सितंबर (हि.स.)।जनपद स्तरीय सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग करते हुए अपने विचारों और प्रतिभा के माध्यम से भारत के भविष्य को लेकर अपनी कल्पनाएं साझा कीं। विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और देश के विकास, शिक्षा, तकनीक, रोजगार तथा सामाजिक बदलाव से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में वरीयता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विधायक राजकुमार पोरी ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य की आधारशिला हैं। उनकी सोच और प्रतिभा ही आने वाले समय के भारत की दिशा तय करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और अपने क्षेत्र व देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना, विधायक प्रतिनिधि प्रह्लाद सिंह रावत, अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद टमटा, विद्यालय के प्रधानाचार्य वेद प्रकाश डोभाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह