मार्च में शनिवार और रविवार को भी खुलेंगे निबन्धन कार्यालय, होंगी रजिस्ट्री
नैनीताल, 13 मार्च (हि.स.)। राजस्व संवर्धन और जनहित को ध्यान में रखते हुए मार्च माह में कुछ अवकाश वाले दिनों में भी निबन्धन यानी रजिस्ट्री कार्यालय खुले रहेंगे और जमीनों की रजिस्ट्री का कार्य किया जाएगा।
नैनीताल के अपर जिलाधिकारी-वित्त एवं राजस्व शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि महानिरीक्षक निबन्धन उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत मार्च 2026 के द्वितीय शनिवार 14 मार्च तथा चतुर्थ और पंचम रविवार 22 और 29 मार्च को भी उप निबन्धन कार्यालयों में निबन्धन कार्य संपादित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जनपद के सहायक महानिबंधक, सभी उप निबन्धक और प्रभारी उप निबन्धकों को निर्देश दिए हैं कि उक्त अवकाश की तिथियों में भी कार्यालय खुले रखे जाएं और रजिस्ट्री का कार्य नियमित रूप से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से आम नागरिकों को भूमि और संपत्ति से संबंधित निबन्धन कार्यों में सुविधा मिलेगी और राजस्व प्राप्ति में भी वृद्धि होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी