मतदाता सूची में गड़बड़ी न होने दें, पात्र मतदाताओं के नाम न कटें: एडीएम
पौड़ी गढ़वाल, 04 अगस्त (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलए-1 के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने करते हुए सभी दलों से मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करने की अपील की।
एडीएम ने कहा कि पुनरीक्षण का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम हटाना नहीं, बल्कि केवल वास्तविक त्रुटियों का सुधार करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम बिना ठोस कारण के सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से जिम्मेदारी के साथ सूची का परीक्षण कर सही सुझाव देने को कहा।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम, दावे और आपत्तियों के निस्तारण तथा प्रपत्र-6, 7 और 8 की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचक नामावली ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, जिला निर्वाचन कार्यालय और जनपद की वेबसाइट पर अवलोकन के लिए उपलब्ध है।
एडीएम ने बताया कि विसंगति (एनॉमली) और नो-मैपिंग श्रेणी के मतदाताओं को बीएलओ के माध्यम से नोटिस वितरित किए जा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। वे आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को उपलब्ध कराकर अपनी प्रविष्टि का सत्यापन और संशोधन करा सकते हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद में फिलहाल भाजपा और कांग्रेस ने ही बीएलए-2 नियुक्त किए हैं। अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से भी जल्द बीएलए-2 की नियुक्ति कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श, उप शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह