मंझाकोट–बदासा–गल्याली मोटर मार्ग का शिलान्यास, 7.92 करोड़ से बनेगा मोटर मार्ग

 


नई टिहरी, 24 नवंबर (हि.स.)। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मंझाकोट–बदासा–गल्याली मोटर मार्ग के निर्माण एवं पंचवर्षीय अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास विधायक विनोद कंडारी ने किया।

मंगलवार को 6.5 किलोमीटर लंबी उक्त सड़क के निर्माण के लिए 7.92 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। विधायक कंडारी ने कहा कि सड़क निर्माण से क्षेत्र के गांवों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने के साथ ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी।

मोटर मार्ग बनने से विद्यार्थियों, किसानों, बुजुर्गों और मरीजों को आवागमन में राहत मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर भाजपा जिला मंत्री नरेंद्र कुंवर, मंडल अध्यक्ष कुलदीप रावत, महेंद्र पंवार, बीडीसी अवतार पंवार, प्रधान मंजू देवी राणा, महेंद्र पंवार, अमरजीत, मुकेश कठैत, बलवीर राणा, इंद्रमणि लाल, धनवीर राणा और नीरज रतूड़ी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी