भौतिकी आधारित एआई से वायुमंडलीय ऊर्जा विश्लेषण की तकनीक का पेटेंट
पौड़ी गढ़वाल, 22 सितंबर (हि.स.)।एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग स्थित हिमालयी वायुमंडलीय एवं अंतरिक्ष भौतिकी अनुसंधान प्रयोगशाला के शोधकर्ताओं ने वायुमंडलीय विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शोधकर्ताओं की “भौतिकी-आधारित कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करके वायुमंडलीय ऊर्जा अंतरण विश्लेषण के लिए प्रणाली व विधि” तकनीक का पेटेंट प्रकाशित है।
तकनीक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता को वायुमंडलीय भौतिकी के मूलभूत नियमों से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से विभिन्न पर्यावरणीय एवं वायुमंडलीय स्रोतों से प्राप्त आंकड़ों का एकीकृत विश्लेषण कर ऊर्जा विनिमय और ऊर्जा अंतरण को समझने का प्रयास किया गया है। इसमें बहु-स्रोत संवेदन, सेंसरों की विश्वसनीयता का आकलन, वायुमंडलीय परतों के बीच संबंधों का विश्लेषण और भौतिक संरक्षण नियमों से परिणामों का सत्यापन शामिल है।
शोध कार्य मुख्य अन्वेषक डॉ. आलोक सागर गौतम के मार्गदर्शन में हुआ। शोध छात्र अमनदीप विश्वकर्मा, अंकित कुमार और सरस्वती रावत के साथ डॉ. करण सिंह, डॉ. संजीव कुमार और डॉ. श्याम नारायण नौटियाल ने योगदान दिया। डॉ. करण सिंह और डॉ. संजीव कुमार वर्तमान में आईआईटीएम, पुणे में परियोजना वैज्ञानिक हैं।
डॉ. गौतम ने कहा कि शोध छात्रों को शोध-पत्रों के साथ पेटेंट, पुस्तक लेखन, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और नवाचार गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों में बहुआयामी शोध कौशल और नवाचार की क्षमता विकसित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह