भीमताल में पॉश अधिनियम पर कार्यशाला
नैनीताल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशा-निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला न्यायाधीश प्रशांत जोशी के निर्देशन में सिविल जज सीनियर डिवीजन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की सचिव पारुल थपलियाल द्वारा एचजी डिग्री कॉलेज भीमताल में महिलाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित कार्यस्थल की अवधारणा को मजबूत करने के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण विषय पर पॉश अधिनियम (कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम, 2013) संबंधी विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सचिव पारुल थपलियाल ने बताया कि पॉश अधिनियम के अंतर्गत 10 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले प्रत्येक संस्थान में महिलाओं को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करना और प्रत्येक कार्यालय या संस्था को 90 दिनों के भीतर आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) का गठन करना आवश्यक है।
पीड़ित महिला घटना के तीन माह के भीतर लिखित शिकायत दर्ज करा सकती है। यदि किसी संस्था में 10 से कम कर्मचारी हों तो शिकायत स्थानीय समिति के समक्ष की जा सकती है।उन्होंने स्पष्ट किया कि यौन उत्पीड़न के दायरे में अवांछित शारीरिक संपर्क, यौन संबंध बनाने की मांग, अशोभनीय टिप्पणी, अश्लील सामग्री दिखाना अथवा किसी भी प्रकार का अनुचित मौखिक या गैर-मौखिक व्यवहार शामिल है। आरोप सिद्ध होने पर सेवा नियमों के अनुसार चेतावनी, माफी मांगने का निर्देश या गंभीर मामलों में सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही झूठी शिकायत या झूठे साक्ष्य प्रस्तुत करने की स्थिति में भी अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।
कार्यक्रम में घरेलू हिंसा अधिनियम के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई तथा महिला हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जागरूक किया गया। सब इंस्पेक्टर गुरविंदर कौर ने साइबर अपराधों पर जानकारी देते हुए बताया कि इंटरनेट या कंप्यूटर के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियां जैसे डेटा चोरी, वित्तीय धोखाधड़ी और हैकिंग दंडनीय अपराध हैं।
ऐसे मामलों में 1930 हेल्पलाइन नंबर या cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इस दौरान इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। शिविर में डॉ. मंजु नेगी, यशवंत कुमार सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी