भिलंगना के चानी में जिला पंचायत की गाैशाला बनकर तैयार
नई टिहरी, 03 सितंबर (हि.स.)। भिलंगना ब्लॉक के चानी बासर में जिला पंचायत की ओर से गोवंश संरक्षण के लिए गौशाला बनकर तैयार हो गई है। बिजली और पानी के कनेक्शन के बाद इसे जल्द ही संचालन करने वाले एजेंसी को हैंडओवर किया जाएगा। जिससे क्षेत्र में आवार घूम रहे गोवंश को सुरक्षित ठिकाना मिल सकेगा।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी गणेश कुमार भट्ट ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिला पंचायत की ओर से चानी बासर में करीब 25.40 लाख रूपये की लागत से निर्मित की जा रही गौशाला लगभग बनकर तैयार हो गई है। इस माह के अंत तक इसे हैंडओवर कर दिया जाएगा।
गौशाला में गोवंश संरक्षण के लिए बड़ा हॉल, केयर टेकर रूम, पानी की चरी सहित विचरण करने के लिए पर्याप्त खुला स्थान भी है। भट्ट ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी गोवंश सहित अन्य पशुओं के आवारा घूमने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। जिसके बाद डीएम नितिका खंडेलवाल ने जिला पंचायत के क्षेत्रों में भी निकायों की भांति गौशालाएं विकसित करने के निर्देश दिए हैं। चमियाला से आगे चानी में यह गौशाला बनाई गई है।
इसकी क्षमता 50 गौवंश संरक्षण की है। इसके शुरू होने से काफी हद तक गोवंश को सुरक्षित ठोर मिल जाएगा। बताया कि डीएम के निर्देशन में गौशाला के संचालन के लिए एजेंसी तय की जाएगी। उम्मीद है कि इस माह के अंत तक गौशाला का विधिवत संचालन शुरू हो जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी