भिलंगना के 22 खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना में चयन

 

नई टिहरी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत भिलंगना ब्लॉक के 22 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। राजकीय शिक्षक संघ भिलंगना के संरक्षक लोकेंद्र रावत ने बताया कि जिला खेल विभाग के तत्वावधान में आयोजित मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना में भिलंगना ब्लॉक के सर्वाधिक 22 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

बताया कि जिला क्रीड़ाधिकारी दीपक रावत के निर्देशन में खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। रावत ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज घुमेटीधार के सर्वाधिक 5 छात्र-छात्राओं का चयन उक्त योजना के लिए हुआ है। वहीं जीआईसी अखोड़ी, जीआईसी कोट-विशन, जीआईसी मगरौं के 2-2, जीआईसी धोपड़धार, जीजीआईसी घनसाली, जीआईसी पड़ागली, जीआईसी पौखाल, हिमालयन पब्लिक स्कूल, जीआईसी केमरा केमर, जीआईसी घंडियालधार और अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मथकुड़ी सैंण के एक-एक खिलाड़ी का योजना के तहत चयन हुआ है।

चयनित खिलाड़ी को प्रत्येक माह सरकार की ओर से 2 हजार रूपये छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं हर खिलाड़ी को 10-10 हजार रूपये खेल किट के लिए धनराशि मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी