भालू के बढ़ते हमलों से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया वन विभाग का घेराव
उत्तरकाशी, 2 दिसंबर (हि.स.)। भटवाडी़ ब्लॉक में लगातार हो रहे भालू के हमलों को लेकर नाराज कांग्रेस पार्टी ने वन विभाग कार्यालय उत्तरकाशी का घेराव किया है। मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोट बंगला स्थिति वन विभाग के कार्यालय का घेराव किया है।
कांग्रेसियों का कहना है कि टकनौर और अस्सी गंगा घाटी क्षेत्र में लगातार भालू के बढ़ते आक्रमण और इन हमलों से क्षेत्र की जनता में दहशत में है इसके बावजूद वन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं कर रही इस लिए पार्टी ने विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया है।
आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग रखी कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल निगरानी बढ़ाई जाए,वन विभाग सक्रिय रूप से गस्त दल तैनात करे,घायल लोगों के इलाज व मुआवजे की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए,मानव–वन्यजीव संघर्ष पर रोक लगाने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाई जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है, और यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा, विजेंद्र नौटियाल,आंनद सिंह पंवार, डॉ नागेंद्र जगूड़ी, अभिषेक जगूड़ी, शीशपाल पोखरियाल, मनमोहन शाह, दिनेश गौड़, हरीओम राणा,कमल रावत, मधु, बिना शाह, कविता आदि मौजूद रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल