भारी बारिश से पौड़ी-कोटद्वार हाईवे रहा बंद, लोगों ने झेली परेशानी

 

पौड़ी गढ़वाल, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले में आज भी बारिश से आम जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश से सतपुली मल्ली के पास बोल्डर व मलबा आने से हाईवे घंटो बंद रहा। जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश से जिले के 31 ग्रामीण मोटरमार्गो पर यातायात ठप रहा। लगातार हो रही बारिश से 11केवी पैठाणी फीडर के ब्रेक डाउन के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

बारिश से पौड़ी-कोटद्वार हाईवे पर सतपुली मल्ली के पास बोल्डर व मलबा आ गया। बीती रात को ही हाईवे पर बड़ी संख्या में बोल्डर व मलबा आने से मार्ग बाधित हो गया। सतपुली मल्ली के पास भारी मलबे की चपेट में सब्जियों से भरा एक पिकअप वाहन भी आ गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद मौके पर एसडीआरएफ की टीम पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। वहीं, बारिश के अलर्ट को देखते हुए डीएम स्वाति एस भदौरिया ने सभी अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह