भारत दर्शन यात्रा के लिए देवप्रयाग विधानसभा के टॉपर छात्र-छात्राएं रवाना

 


नई टिहरी, 16 सितंबर (हि.स.)। पहाड़ की कक्षाओं में बैठकर किताबों में भारत पढ़ने वाले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थी अब देश को पन्नों से बाहर निकलकर अपनी आंखों से देखेंगे। विधानसभा के 100 से अधिक टॉपर छात्र-छात्राएं विधायक विनोद कंडारी के महत्वपूर्ण कार्यक्रम भारत दर्शन यात्रा पर रवाना हुए। कार्यक्रम का 10वां संस्करण हैं।

बुधवार को कीर्तिनगर के अंबेडकर पार्क से टॉपर बच्चों को विधायक कंडारी ने भारत दर्शन यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पिछले 9 वर्षों से विधायक कंडारी निजी खर्च पर यह कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं। इस पहल के तहत क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को देश के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक महत्व वाले स्थलों का भ्रमण कराया जाता है। उन्होंने बताया कि भारत दर्शन यात्रा की शुरुआत ऋषिकेश में मां गंगा की आरती के दर्शन से होगी।

इसके बाद विद्यार्थी उत्तराखंड विधानसभा पहुंचेंगे। यहां उन्हें विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रदेश में कानून निर्माण की प्रक्रिया को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। यात्रा का अगला पड़ाव यूपी होगा। जहां वे यूपी विधानसभा का भ्रमण, सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। इसके बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, तारामंडल सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण करेंगे।

यात्रा में बच्चों को आस्था से लेकर इतिहास तक और संस्कृति से लेकर लोकतंत्र तक भारत की विविध तस्वीर को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। इस पहल की सबसे बड़ी खासियत केवल यात्रा नहीं, बल्कि उसका सामाजिक और शैक्षणिक उद्देश्य है। पहाड़ के अनेक ऐसे मेधावी बच्चे हैं, जिनके लिए पढ़ाई में उत्कृष्ट होने के बावजूद देश के दूसरे हिस्सों को देखना आसान नहीं होता।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी