भाकियू नेता के बेटे की दुकान पर मारपीट और फायरिंग

 


हरिद्वार, 05 मई (हि.स.)। सोमवार की देर शाम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ दबंगों ने भारतीय किसान यूनियन (तोमर) से जुड़े नेता के बेटे की दुकान पर हमला बोल दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना जिले के रूड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुर चुंगी के नवीन मंडी मार्केट की है।

जानकारी के अनुसार, भाकियू (तोमर) नेता मोहम्मद तालिब के बेटे की यहां बिजली की दुकान है। बताया जा रहा है कि सोमवार की देर शाम दुकान पर किसी बात को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपितों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की।

इसके बाद माहौल को और भयावह बनाते हुए आरोपितों ने हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना का पूरा घटनाक्रम पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं, जो पुलिस जांच में अहम सबूत साबित हो सकती हैं।

सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला