भरसार पहुंचे गोदियाल ने सरकार और स्थानीय विधायक पर बोला हमला

 


पौड़ी गढ़वाल, 03 सितंबर (हि.स.)।भरसार छात्रा मौत प्रकरण को लेकर सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भरसार पहुंचे। उनके पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने छात्रा की मौत के मामले में जिम्मेदारी तय करने के साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

भरसार पहुंचकर गोदियाल ने छात्रों से घटना की जानकारी ली। छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रा मधु यादव को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाने के कारण उसकी जान चली गई। छात्रों ने संस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और डॉक्टर की उपलब्धता का मुद्दा भी गोदियाल के सामने रखा।

गोदियाल ने विश्वविद्यालय प्रशासन से भी वार्ता की। प्रशासन की ओर से बताया गया कि संस्थान में डॉक्टर की नियुक्ति की प्रक्रिया गतिमान है। इस पर गोदियाल ने स्वास्थ्य मंत्री से फोन पर वार्ता कर भरसार में जल्द डॉक्टर की नियुक्ति किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र में संचालित संस्थान में स्वास्थ्य सुविधा जैसी बुनियादी जरूरत की अनदेखी नहीं की जा सकती।

इस दौरान गोदियाल ने संस्थान के कर्मचारियों से भी बातचीत की। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें करीब तीन महीने से मानदेय नहीं मिला है। कर्मचारियों की समस्याएं सुनने के बाद गोदियाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब संस्थान में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है और कर्मचारियों को समय पर मानदेय तक नहीं मिल रहा है, तो व्यवस्थाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।

गोदियाल ने कहा कि छात्रा की मौत के मामले में केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा। घटना के कारणों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कहीं लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार पर दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों की स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीरता नहीं बरतने का आरोप लगाया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, नितिन बिष्ट, सुरेंद्र सिंह रावत, ब्लाक अध्यक्ष चाकीसैंण मंगल सिंह जिला महासचिव दिनेश कोहली, विक्रम सिंह नेगी, अनिल कुमार,विक्रम सिंह, अमर सिंह, बेगारी सिंह, विनोद रावत, भगत पंवार आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह