भतरौंजखान के कुमेेरिया में खाई में गिरा डंपर, चालक की मौत

 


अल्मोड़ा, 13 सितंबर (हि.स.)। भतरौंजखान के कुमेरिया में एक डंपर गहरी खाई में गिर गया। घटना में चालक की मौत हो गई एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर शव बरामद किया। मृतक की पहचान जसवंत सिंह उम्र 36 पुत्र गोपाल सिंह ग्राम गजार तहसील चौखटिया जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।

रविवार को एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण को सूचना प्राप्त हुई कि मोहान से लगभग 10 किलोमीटर पहले कुमेरिया डेन रिजॉर्ट के पास एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है तथा उसका चालक लापता है।

सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण से अपर उप निरीक्षक सुंदर सिंह बोरा के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर लापता चालक की तलाश शुरू की।

सर्चिंग के दौरान टीम को दुर्घटनाग्रस्त डंपर के चालक का शव गहरी खाई में मिला। टीम द्वारा रोप के माध्यम से कठिन एवं दुर्गम खाई से शव को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त डंपर में एक ही व्यक्ति सवार था, जिसकी दुर्घटना में मृत्यु हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद चंद्र जोशी