भगवान बद्रीविशाल के कपाट खुलने पर ज्योतिषमठ में उत्सव
ज्योतिर्मठ, 10 अप्रैल (हि.स.)।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने भगवान श्री बदरीनाथ जी के कपाट खुलने की तैयारियों को लेकर विभिन्न संगठनों के साथ बैठक आयोजित की।
आज आयोजित बैठक में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व शिक्षकों के साथ कार्यक्रम में उनकी भागीदारी को लेकर चर्चा की गई। वहीं, शाम को ज्योतिर्मठ में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक हुई।
बैठक में स्कीइंग माउन्टनेयरिंग एसोसिएशन औली, टैक्सी यूनियन, होटल एसोसिएशन, ठेकेदार संघ, देव पूजाई समिति, रैंकवाल पंचायत सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं महिला मंगल दल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपाध्यक्ष सती कहा कि भगवान श्री बदरीनाथ जी के कपाट आगामी 23 अप्रैल को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, 21 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल, आद्य गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी, व विष्णु वाहन गरुड़ श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ से बदरीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगें।
ज्योतिर्मठ के विभिन्न संगठनों के सहयोग से स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्कूली बच्चे विभिन्न वाद्य यंत्रों के साथ भाग लेंगे, जबकि महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी। देव डोलियों को नृसिंह मंदिर प्रांगण से पेट्रोल पंप तक विधिवत विदाई दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, स्कीइंग एंड माउन्टनेरयिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय भट्ट, देव पूजाई समिति के अध्यक्ष अनिल नंबूरी, रैंकवाल पंचायत के अध्यक्ष अनूप पंवार, उपाध्यक्ष सोहन बेजवाडी, महिला मंगल दल से लता बिष्ट, सुमेधा भट्ट, सरिता पंवार, आशा सती मौजूद रहे।
बैठक में सभी संगठनों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशासन और स्थानीय संगठनों के समन्वय से इस वर्ष कपाट खुलने के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण