बुवाई के साथ हरेला की पारंपरिक शुरुआत, पर्यावरण संरक्षण का संदेश
नैनीताल, 06 जुलाई (हि.स.)। नगर की महिलाओं के संगठन लेक सिटी वेलफेयर क्लब की ओर से संस्कृति विभाग के सहयोग से सोमवार को नगर के एक होटल में हरेला पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुमाऊँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत और विधायक सरिता आर्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। क्लब की महिलाओं ने सात प्रकार के अनाजों को सूखी मिट्टी में बोकर हरेला की पारंपरिक शुरुआत की। निवेदिता कुकरेती ने कहा कि हरेला पर्व पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश देता है। डॉ. रश्मि पंत ने क्लब के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की, जबकि सरिता आर्या ने कहा कि क्लब पिछले 17 वर्षों से हरेला जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दे रहा है। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक झोड़ा नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक छटा बिखेरी। कार्यक्रम संयोजक गीता साह ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
हरेला कार्यक्रम की संयोजक डॉ. प्रगति जैन ने बताया कि 19 जुलाई को कुमाउनी नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव डॉ. प्रगति जैन, गीता साह, विनीता पांडे, दीपा पांडे, रानी साह, आभा साह, तुषी साह, रमा लोहनी, दीपिका बिनवाल, प्रेमा अधिकारी, कंचन जोशी, संगीता गुप्ता, तनु सिंह, रेखा पंत, अमिता साह, मंजू बिष्ट, पुष्पा कांडपाल, सरस्वती सिराला, जूही अग्रवाल, मानसी गर्ग, मधुमिता, निवेदिता मेहरोत्रा, वंदना जोशी, भावना साह, विमलेश गोस्वामी, जया वर्मा, लीला राज, सीमा नौटियाल, जीवंटी भट्ट, ज्योति धोंडियाल, सोनू साह, हेमा भट्ट, वर्षा आर्या, पल्लवी गहतौड़ी, रेखा जोशी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी