बीकेटीसी मे बड़ी संख्या मे कर्मचारियों-अधिकारियों को पदोन्नति, वर्षों से लंबित प्रक्रिया बहाल

 


बदरीनाथ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को बहाल करते हुए कुल 23 कर्मचारियों एवं अधिकारियों को पदोन्नति दी गयी है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि विभागीय पदोन्नति समिति की संस्तुति के आधार पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों को विभिन्न पदों पर पदोन्नति प्रदान की गई है। इस निर्णय से लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को राहत मिली है। बीकेटीसी कर्मचारियों ने बीकेटीसी बोर्ड द्वारा पदौन्नति किये जाने पर आभार जताया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की अध्यक्षता में गठित विभागीय पदोन्नति समिति की संस्तुति पर पदौन्नति कार्रवाही की गयी है।विभागीय प्रोन्नति समिति की अनुशंसा एवं सक्षम स्तर से अनुमोदन के उपरांत वरिष्ठ सहायक के 14 रिक्त पदों के सापेक्ष वर्षों से कार्यरत अवर सहायकों को लिपिक उपसेवा संवर्ग में वरिष्ठ सहायक पद पर पदोन्नति प्रदान की गयी है। इसके साथ ही मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा लेखाकार के पदों पर भी पदोन्नतियां की गयी हैं।

अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि कर्मचारियों एवं अधिकारियों की पदोन्नति एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इससे कर्मचारियों को उनके कार्य और सेवाकाल के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी विभागीय पदोन्नति समिति की संस्तुतियों के आधार पर पात्र कर्मचारियों एवं अधिकारियों को नियमानुसार पदोन्नति प्रदान करने की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी।

कहा कि बीकेटीसी स्थायी कर्मचारियों की पदौन्नति के साथ ही अस्थायी कर्मचारियों के हितों के लिए भी कार्य कर रही है इसी क्रम में पहले ही 70 अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की गयी है।साथ ही अस्थायी कर्मचारियों की वेतन तथा अन्य मांगों के निराकरण हेतु उप समिति का गठन कर लिया गया है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति कर्मचारियों ने वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने तथा 18 कर्मचारियों एवं अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान करने के लिए बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का आभार जताया है उम्मीद जतायी कि भविष्य में भी कर्मचारियों की लंबित सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल जारी रहेगी।

बीकेटीसी में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया की बहाली को कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभिन्न पदों पर पदोन्नति मिलने से कर्मचारियों एवं अधिकारियों को सेवाकाल में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। वहीं, विभागीय पदोन्नति समिति की संस्तुति के आधार पर भविष्य में भी पदोन्नति दिए जाने के निर्णय से कर्मचारियों को अपनी सेवा संबंधी अपेक्षाओं के पूरा होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण