बीकेटीसी अध्यक्ष ने बदरीनाथ धाम में हितधारकों संग की बैठक
बद्रीनाथ, 23 मई (हि.स.)। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्री बदरीनाथ धाम में हकहकूकधारियों, तीर्थ पुरोहितों, व्यापार सभा, होटल एसोसिएशन और स्थानीय हितधारकों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर संवाद किया।
बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा,स्थानीय व्यवस्थाओं और यात्रा संचालन से जुड़े सुझाव एवं ज्ञापन बीकेटीसी अध्यक्ष को सौंपे। हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सभी सुझावों पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि एक माह के भीतर पांच लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ धाम और साढ़े सात लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि श्रद्धालुओं को सरल और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा सीजन में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए सभी संबंधित विभागों और स्थानीय हितधारकों के सहयोग से व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
इस अवसर पर डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, मंदिर समिति सदस्य धीरज मोनू पंचभैया, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश मेहता, पूर्व सदस्य भाष्कर डिमरी,रजनीश भट्ट, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल,पूर्व धर्माधिकारी भुवन चन्द्र उनियाल, प्रमोद नौटियाल, विनोद डिमरी,श्रीकांत बडोला, बीपी नैथानी, संदीप भट्ट,कमदी थोक से अखिल पंवार, कुबेर देवरा समिति अध्यक्ष उत्तम मेहता,राम नारायण भंडारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण