बागेश्वर जनपद में काफलीगैर डिग्री काॅलेज को मिली मंजूरी

 


देहरादून, 28 सितंबर (हि.स.)। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक विकासखण्ड में नये महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है। इसी क्रम में बागेश्वर जनपद के काफलीगैर में नये महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। जिसका शासन स्तर से शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

राजकीय महाविद्यालय काफलीगैर के संचालन को सरकार ने शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर संवर्ग के कुल 18 पदों की भी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने साेमवार काे मीडिया को जारी बयान में बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार को निंरतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रत्येक विकासखंड में एक-एक महाविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है ताकि छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा उपलब्ध हो सके। इसी निर्णय के तहत सरकार ने बागेश्वर जनपद में राजकीय महाविद्यालय काफलीगैर की स्थापना की मंजूरी दे दी है। साथ ही महाविद्यालय के संचालन को शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर संवर्ग के कुल 18 पदों को भी स्वीकृति प्रदान की है। जिसमें प्राचार्य, असिस्टेंट प्रोफेसर हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र, संस्कृत, पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ सहायक, पुस्तकालय लिपिक, बुक लिफ्टर, के एक-एक जबकि कनिष्ठ सहायक, अनुसेवक व स्वच्छक कम चाैकीदार के दो-दो पद शामिल हैं। इन पदों में 13 नियमित जबकि 5 आउटसोर्स के पद हैं जिसमें बुक लिफ्टर, अनुसेवक और स्वच्छक, चाैकीदार शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल