बहुउद्देश्यीय शिविर में 2251 लोगों को किया गया लाभान्वित

 


हरिद्वार, 05 फ़रवरी (हि.स.)।मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में विकासखंड रुड़की के न्याय पंचायत खंजरपुर पंचायत घर टोडा कल्याणपुर अहतमाल में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में विभिन्न जन कल्याणकारी योजनों से 2251 क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया गया।विभिन्न विभागों के माध्यम से 1245 लोगों को विविध प्रमाण पत्र निर्गत किए गए,इस शिविर में 5238 लोगों ने प्रतिभाग किया।

आयोजित शिविर ने क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित 66 समस्याएं दर्ज कराई गई, जिसमें 46 समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। अधिकांश समस्याएं भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत विभाग के बिल, जलभराव, चकरोड़ एवं साफ-सफाई से जुड़ी थीं।

शिविर में राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुँचाना है तथा उनकी समस्याओं का त्वरित गति से समाधान सुनिश्चित करना है।

शिविर के दौरान देशराज कर्णवाल व मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने विभिन्न विभागों की स्टालों का भी निरीक्षण किया तथा क्षेत्रवासियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

शिविर में विधायक उमेश कुमार शर्मा,ग्राम प्रधान वाजिद अली, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल सहित क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रधानगण, पंचायत सदस्य, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला