बस स्टैंड और अस्पताल परिसर में चला स्वच्छता अभियान

 


उत्तरकाशी, 22 सितंबर (हि.स.)। नगर में मंगलवार को “स्वच्छता में सहभागिता-स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम के तहत एनडीआरएफ और नगर पालिका परिषद बड़कोट की संयुक्त टीम ने स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान बस स्टैंड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

15वीं वाहिनी एनडीआरएफ के सेनानी संतोष कुमार के मार्गदर्शन तथा टीम कमांडर उप निरीक्षक जीडी राजकुमार के नेतृत्व में एनडीआरएफ टीम 15/बी गंगनानी की ओर से अभियान संचालित किया गया। इसमें एनडीआरएफ के 16 जवानों और नगर पालिका के नौ कर्मचारियों समेत कुल 25 कर्मियों ने श्रमदान किया।

अभियान के दौरान बस स्टैंड और अस्पताल परिसर में जगह-जगह फैले प्लास्टिक, रैपर और अन्य कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई की गई। एनडीआरएफ जवानों ने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान एनडीआरएफ अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों के साथ ही बाजार और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में भी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल