बर्फबारी से पहले अग्निकांड पीड़ितों को मिलेगा अस्थायी आशियाना-

 

उत्तरकाशी, 27 नवंबर (हि.स.)। मोरी ब्लॉक के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से बेघर हुए परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। सर्दियों और संभावित बर्फबारी से पहले प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्व विधायक मालचंद ने पहल शुरू कर दी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए लकड़ी के अस्थायी शेल्टर हाउस तैयार कराने की योजना बनाई है।

इसके लिए उन्होंने वन मंत्री से वार्ता कर वन विभाग के माध्यम से फ्री ग्रांट पर लकड़ी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

पुरोला के पूर्व विधायक मालचंद ने बताया कि पवाणी गांव में हुए अग्निकांड से 39 परिवारों के मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। इसके चलते प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।

सर्दियों की शुरुआत और बर्फबारी की आशंका को देखते हुए उनकी पहली प्राथमिकता पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सुरक्षित छत उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वन विभाग से आवश्यक लकड़ी उपलब्ध होते ही स्थानीय लोगों के सहयोग से अस्थायी शेल्टर हाउस तैयार कराने का प्रयास किया जाएगा। योजना के तहत अगले 10 से 15 दिनों के भीतर प्रभावित परिवारों के रहने योग्य आशियाने तैयार कर उन्हें सौंपने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रभावित परिवारों का घरेलू सामान, खाद्यान्न और जीवनयापन से जुड़ी अन्य जरूरी सामग्री भी जलकर नष्ट हो गई है। ऐसे में अस्थायी आवासों की व्यवस्था पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे उन्हें कड़ाके की ठंड और मौसम की मार से बचाने में मदद मिलेगी। कहा कि उनका प्रयास केवल अस्थायी आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटने में हरसंभव सहयोग देना भी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल