बनभूलपुरा रेलवे प्रकरण: आवेदनों की स्क्रूटनी शुरू, प्रशासन ने तेज की प्रक्रिया
हल्द्वानी , 07 अप्रैल (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत बनभूलपुरा रेलवे प्रकरण में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में प्रशासन ने अब अगला महत्वपूर्ण कदम उठा लिया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगाए गए कैंपों में प्राप्त करीब 7 हजार आवेदनों की स्क्रूटनी प्रक्रिया विधिवत शुरू कर दी गई है।
इस प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेई ने संयुक्त रूप से कार्मिकों को स्क्रूटनी का विशेष प्रशिक्षण दिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों की जांच निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए।
अधिकारियों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का अक्षरशः पालन करते हुए हर आवेदन की गहन जांच की जाएगी, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके और किसी भी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता न रहे। प्रशासन का मानना है कि यह चरण पूरे पुनर्वास प्रक्रिया का सबसे अहम हिस्सा है, जिसमें आवेदनों की सत्यता, दस्तावेजों की जांच और पात्रता का निर्धारण किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता