बद्रीनाथ धाम मे धूमधाम से मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिर समिति ने तैयारियां की शुरू

 




चमोली, 01 सितंबर (हि.स.)। श्री बदरीनाथ धाम में श्रीकृष्ण भाद्रपद जन्माष्टमी का पर्व इस वर्ष 4 सितंबर शुक्रवार को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी ) की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

धाम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर भी श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह बना है बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ जन्माष्टमी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल व वेदपाठीगण बदरीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करेंगे तथा अर्ध रात्रि में प्रतीकात्मक रूप से भगवान श्री कृष्ण का जन्म होगा।

मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ ही भगवान के बाल स्वरूप की पूजा और भोग की व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष आरती और पूजा-अर्चना होगी तथा प्रसाद वितरित होगा। बदरीश पंडा पंचायत की ओर से 5 सितंबर शनिवार को जन्मोत्सव कार्यक्रम मनाया जाएगा। बदरीश पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी ने यह जानकारी दी है।

इस दौरान विभिन्न बामणी गांव से श्री कृष्ण जन्मोत्सव की विभिन्न झांकियां शुरू होकर श्री बदरीनाथ मंदिर पहुंचेगी तथा कीर्तन भजन संहित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों के लिए प्रसाद वितरण भी किया जाएगा श्री बदरीश पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी ने यह जानकारी दी है।

श्री बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी पर्व का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे तीर्थयात्री भी इस पावन अवसर पर भगवान श्री बदरीनाथ के दर्शन के साथ जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजनों में शामिल होंगे। मंदिर समिति और पंडा पंचायत की ओर से पर्व को व्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण