बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कांग्रेस ने सीएमओ कार्यालय में किया प्रदर्शन

 


उत्तरकाशी, 03 सितंबर (हि.स.)। जिले में बदहाल पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर गुरूवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय का घेराव किया।

इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार लाने की मांग की।

गुरूवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत के नेतृत्व में जूलूस प्रदर्शन करते हुए सीएमओ कार्यालय पहुंचे। जहां पर सभी कार्यकर्ताओं ने अस्पतालों में बदहाल पड़ी स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सक, विशेषज्ञ डॉक्टर, दवाइयां और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को उपचार के लिए देहरादून की दौड़ लगानी पड़ रही है। जबकि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है।

यहां जिला अस्पताल की बात करें तो अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन, सहित जिला महिला अस्पताल में महिला चिकित्सक का आभाव लम्बे समय से बना है। इससे कई गर्भवती महिलाओं को खासी दिक्कते उठानी पड़ रही है और अस्पताल रेफर सेंटर बनकर रह गया है। समय पर उपचार न मिलने के कारण प्रसव के दौरान कई गर्भवती महिलाओं की मौत हो चुकी है।

उन्होंने सीएमओ के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया और जिला अस्पताल में तत्काल एक सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट व अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की मांग की।

सीएमओ के लिखित आश्वासन पर माने कांग्रेसी

गुरूवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन करने के दौरान कार्यालय की सीडि़यो पर धरने पर बैठे गए और प्रदर्शन करते रहे। कांग्रेसियों को मनाने के लिए सीएमओ डा. श्याम विजय ने काफी कोशिश की लेकिन कांग्रेसी नही माने। करीब तीन से चार घंटे बाद सीएमओ डा. श्याम विजय ने कांग्रेसियो को दो सप्ताह के भीतर जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ तथा एक माह के अंदर सर्जन की नियुक्ति करवाने सहित चिकित्सकों द्वारा लिखी जा रही बाहर की दवांइयों के लिए जांच समिति गठित करने का आश्वासन दिया। जिस पर कांग्रेसी माने और धरना प्रदर्शन समाप्त किया।

प्रदर्शन करने वालों में

पूर्व जिलाध्यक्ष घनानंद नौटियाल, मनीष राणा, शीशपाल पोखरियाल, कमल सिंह रावत, विजेन्द्र नौटियाल, पपेन्द्र सिंह नेगी,संजीव नौटियाल, कनकपाल परमार, सुधीश पंवार, भगवान चंद, राखी राणा, सूरज रावत, अनवीर आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल