बटर फेस्टिवल 17 को, समिति ने मुख्यमंत्री को दिया निमंत्रण

 


देहरादून, 09 अगस्त (हि.स.)। गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान के साथ आज दयारा पर्यटन उत्सव समिति के सदस्यों एवं प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर 17 अगस्त को दयारा बुग्याल में आयोजित बटर फेस्टिवल त्योहार के लिए आमंत्रण पत्र सौंपा।

इस दौरान मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन से समिति के सदस्यों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इसे और भव्य दिव्य बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि हर वर्ष आने वाला यह त्योहार है जहां अंढूडी के दिन हमारे छानियों में अपने गोवंश के साथ गये ग्रामीण सकुशल वापसी की खुशी में त्योहार मनाते हैं वहीं रैथल गांव के लोग इस अवसर को एक बेहतरीन फेस्टिवल के रूप में मनाते हैं। पिछली बार हमने मुख्यमंत्री से इस फेस्टिवल के लिए प्रतिवर्ष 15 लाख रुपये देने की पेशकश की थी, जिसे मुख्यमंत्री ने तत्काल स्वीकृत किया था।

दयारा पर्यटन समिति के अध्यक्ष मनोज राणा ने कहा कि हर वर्ष की भांति हम इस बटर फेस्टिवल को और भव्यता का रूप देगें और समिति को विधायक जी निरंतर सहयोग देते हैं।

इस दौरान भट्टवाडी मंडल अध्यक्ष मनोजेन्द्र रावत, अध्यक्ष दयारा पर्यटन समिति रैथल मनोज राणा, गढ़वाल समन्वय किशोर भट्ट , पांच मालगुज़ार रैथल किशन सिंह राणा, पांच मालगुज़ार नटिन बचन सिंह रावत, पांच मालगुज़ार बंद्राणी सुंदर सिंह भंडारी, पूर्व पाच मालगुज़ार रैथल गजेंद्र सिंह राणा आदि मौजूद रहे।

____________________

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल