बंदरों के डर से तिलोथ के लोगों का घरों से निकलना हुआ मुश्किल

 

उत्तरकाशी, 15 सितंबर (हि.स.)। नगर पालिका बाड़ाहाट के वार्ड 3 तिलोथ के लोगों का बंदरों के आतंक के चलते घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं अभी तक यहां के 15 से अधिक लोगों को बंदर घायल कर चुके हैं। इस समस्या के निस्तारण को लेकर स्थानीय लोगों ने डीएम प्रशांत आर्य को ज्ञापन सौंपा है।

मंगलवार को वार्ड 3 के लोग सभासद आदित्य चौहान के नेतृत्व बंदरों की समस्या को लेकर डीएम से मिले। इस दौरान लोगों ने बताया कि आए दिन बंदर लोगों को घायल कर रहे हैं। वहीं जिन 15 लोगों को बंदरों ने घायल किया है,उनमें से कुछ को गंभीर चौटें भी आई हैं। जिन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वार्ड 3 के मसीह दिलासा स्कूल के बच्चों को भी बंदर घायल कर चुके हैं।

बावजूद इसके संबंधित विभाग की ओर से अभी तक कोई उचित कार्यवाही नहीं की गई है। शायद विभाग को किसी बड़ी घटना का इंतजार है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बंदरों के बढ़ते आंतक को देखते हुए वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग काफी बार की जा चुकी है। लेकिन हर बार विभाग पला झाड़ने का काम कर रहा है। लोगों ने इस संबंध में डीएम प्रशांत आर्य को दिए ज्ञापन में जल्द उचित कार्यवाही करने की मांग की है। वहीं ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी गई है।

ज्ञापन देने वालों में सविता पंवार, राजेश, गोपाल पंवार, दिग्वीजय, संगीता, ममता, प्रेमा, गुलाबीदेवी, सरोजनी, सरिता, अंबेश्वरी देवी, सुमन, सावित्री देवी, सुमिता आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल