फायरिंग मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार

 


हरिद्वार, 21 मार्च (हि.स.)। हुड़दंग करने तथा जान से मारने की नियत से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार थाना सिडकुल में 05 मार्च को ग्राम प्रधान प्रमोद पाल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि राजीव व अन्य साथियों ने एक राय होकर लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके घर में घुसकर उसे और उसके परिजनों के साथ मारपीट , गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों ने तमंचे से फायर कर जान से मारने का प्रयास भी किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले के अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन कर थानाध्यक्ष सिडकुल को आवश्यक निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में सिडकुल पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित का नाम पता रचित पुत्र सुनील, निवासी बोझाहेड़ी, थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) बताया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला