फरार वाहन चालक को किया गिरफ्तार

 

नई टिहरी, 09 नवंबर (हि.स.)। धनोल्टी-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बटवालधार के समीप दोपहिया सवार वन दरोगा की मौत के मामले में पुलिस ने फरार वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसे सत्यों क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

बीते 7 नवंबर को बटवालधार के समीप कार और दोपहिया की टक्कर में वन दरोगा प्यार चंद रमोला निवासी सुमन कॉलोनी चंबा की मौत हो गई थी। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। मृतक के बेटे की तहरीर पर कोतवाली में अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसएसपी श्वेता चौबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चालक की तलाश कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

पुलिस ने जांच कर वाहन चालक गंगा शर्मा निवासी मेहूवाला पटेलनगर देहरादून को सत्यांे क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी