प्रारूप नामावली के सापेक्ष अंतिम सूची में जिले में बढ़े वोटर

 


नई टिहरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। एडीएम व उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र नेगी की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई की अर्हता तिथि के आधार पर जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 3 अक्तूबर को किया जा चुका है। 4 जुलाई 2026 को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक नामावली में जिले में कुल 463628 मतदाता पंजीकृत थे। अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या 466638 हो गई है।

कुल 3010 मतदाता बढ़े। अंतिम सूची में 243051 पुरुष, 223583 महिला, 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। घनसाली विधानसभा में कुल 86346, देवप्रयाग में 75801, नरेंद्रनगर में 79507, प्रतापनगर में 74594, टिहरी में 67185 और धनोल्टी में 83205 मतदाता दर्ज किए गए हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली की हार्ड व सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई है।

एडीएम नेगी ने बताया कि अंतिम रूप से प्रकाशित निर्वाचक नामावली की प्रतियां संबंधित पदाभिहित स्थलों, मतदेय स्थलों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों में उपलब्ध कराई हैं। सीईओ उत्तराखंड की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध है। यदि कोई व्यक्ति निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट है तो अपील कर सकता है। नामावली अपडेट प्रक्रिया जारी रहेगी।

बताया कि 1 अक्तूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। बैठक में भाजपा से जयेंद्र पंवार, कांग्रेस से गब्बर सिंह रावत, नवीन सेमवाल, सतीश चमोली, बसपा से सुशील पांडेय मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी