प्रांतीय बौद्धिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
नई टिहरी, 18 सितंबर (हि.स.)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में 38 वीं प्रांतीय बौद्धिक प्रतियोगिता का समापन हो गया। जिसमें 230 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल करने वाले प्रतिभाग अब क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
शुक्रवार को संस्थान के सह-प्रदेश निरीक्षक विनोद रावत, जिला निरीक्षक टिहरी राकेश बहुगुणा, उत्तरकाशी मोहन सिंह कुमाईं, पौड़ी मुरलीधर चंदोला ने प्रतियोगिता का समापन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रवात ने शुभारंभ करते हुए कहा विद्या भारती द्वारा संचालित शिशु मंदिर और विद्या मंदिरों में शिक्षा के साथ-साथ दिए जाने वाले संस्कार विद्यार्थियों को जीवन की कठिन चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।
प्रतियोगिता में विज्ञान प्रश्न मंच, सामान्य ज्ञान प्रश्न मंच, वैदिक गणित, कथा-कथन सहित विभिन्न बौद्धिक स्पर्धाएं आयोजित की गई। इस मौके पर सतीश थपलियाल, जीआईसी ढुंगीधार के प्रधानाचार्य सुशील कोटनाला, शीशराम कोठियाल, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रबंधक अनुसूया प्रसाद नौटियाल, अध्यक्ष उमेश चरण गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष तोमर, अनिल नौटियाल मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी