प्रभारी मंत्री जोशी का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 


नई टिहरी, 17 सितंबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जन जन की सरकार जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत टिहरी पहुंचे प्रभारी मंत्री गणेश जोशी को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस उन्हें दूसरे रास्ते से सभा स्थल बौराड़ी स्टेडियम तक ले गई। बौराड़ी में विरोध करने पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पुलिस लाइन चंबा में रखा। शाम को उन्हें छोड़ा दिया गया।

बता दें कि मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर अब जनप्रतिनिधियों के घेराव का कार्यक्रम आंदोलनकारियों ने बनाया है। वीरवार को पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रभारी मंत्री गणेश जोशी के विरोध का आंदोलनकारियों ने निर्णय लिया।

जिसके चलते कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार, महिला अध्यक्ष आशा रावत, लखवीर चौहान, देवेंद्र नौडियाल, असद आलम, नवीन सेमवाल, राहुल बुटोला, इमरान, गंगा भगत नेगी, शकील आदि ने काल कपड़े और झंडे लहरा कर विरोध करने का निर्णय लिया। जिसकी भनक प्रशासन और पुलिस को लग गई।

प्रशासन ने मंत्री के कार्यक्रम को देरी कराकर उन्हें दूसरे रास्ते से बौराड़ी स्टेडियम ले गए। जिस पर आंदोलनकारियों ने नाराजगी जताई। पंवार ने कहा कि उनका उद्देश्य मंत्री का संवैधानिक तरीके से विरोध कर यहां मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को सरकार तक पहुंचाने का था। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बौराड़ी स्टेडियम तक नारेबाजी की। इस बीच पुलिस ने उन्हें रोकते हुए गिरफ्तार कर बस से पुलिस लाइन चंबा ले गई। कोतवाली निरीक्षक एश्वर्य पाल ने बताया कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को प्रदर्शन कर रहे लोगों हिरासत में लेकर पुलिस लाइन चंबा में रखा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी