प्रधानमंत्री मोदी की ‘इंधन बचाओ अपील पर सांसद भट्ट ने की रोडवेज बस से दिल्ली यात्रा

 


हल्द्वानी , 22 मई (हि.स.)। सांसद अजय भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “इंधन बचाओ” अपील को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से दिल्ली के लिए रोडवेज बस द्वारा यात्रा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देशहित में ईंधन की बचत आज समय की आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने लोगों से निजी वाहनों के बजाय जरूरत पड़ने पर बस, ट्रेन और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग करने की अपील की।

रोडवेज बस से दिल्ली रवाना होने के दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सांसद अजय भट्ट की सादगी और आम जनता से जुड़े रहने की भावना की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी आम नागरिकों की तरह सार्वजनिक सुविधाओं का उपयोग कर समाज को सकारात्मक संदेश देना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता