प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ मे हुई विशेष पूजा
ज्योतिर्मठ, 17 सितंबर (हि.स.)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने आज पौराणिक श्री नृसिंह मंदिर, ज्योर्तिमठ में विशेष पूजा-अर्चना की तथा भगवान श्री नृसिंह का विधिवत अभिषेक किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर ऊर्जा की कामना की गयी,पूजा-अर्चना के अवसर पर वेदवेदांग संस्कृत महाविद्यालय एवं संस्कृत विद्यालय माध्यमिक ज्योर्तिमठ के छात्र-छात्राओं ने वैदिक मंत्रोच्चार, स्वस्तिवाचन एवं हवन किया। धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की गयी।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष सती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व, दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा का भाव देश को नए आत्मविश्वास और नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहा है, उनके कुशल मार्गदर्शन में भारत विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भगवान श्री नृसिंह से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर ऊर्जा की प्रार्थना की गयी है, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर श्री बदरीनाथ धाम में भी विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए है।
भगवान बदरीविशाल का महाभिषेक किया गया तथा देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की गयी। केदारनाथ धाम में रूद्राभिषेक संपन्न हुआ। इस अवसर पर “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प के साथ राष्ट्र के कल्याण एवं समृद्धि की प्रार्थना की गयी।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण