पौड़ी के कंडोलिया में इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ

 


पौड़ी गढ़वाल, 22 जून (हि.स.)। बहुप्रतीक्षित कंडोलिया इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ सोमवार को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। जिला खेल अधिकारी जयबीर रावत ने बताया कि स्टेडियम में वुडन फ्लोर मैटिंग, पॉलिशिंग, वॉल पेंटिंग, विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत कार्य कराए गए हैं। इससे खिलाड़ियों को अब बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण में अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक ने जिलाधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि पौड़ी नगर को नई पहचान देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जिला पुस्तकालय, जिला विज्ञान संग्रहालय सहित अनेक जनोपयोगी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम का सौंदर्यीकरण अत्यंत आकर्षक एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता का है, जिसे लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित समय में पूर्ण किया गया। उन्होंने नागरिकों एवं खिलाड़ियों से स्टेडियम के संरक्षण एवं रखरखाव में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गत सप्ताह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्टेडियम का लोकार्पण किया गया था, जिसके बाद अब यह सुविधा खिलाड़ियों के उपयोग के लिए पूर्ण रूप से उपलब्ध हो गई है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में खिलाड़ियों को खेल अभ्यास के दौरान अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। निरीक्षण के दौरान इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधार कार्य कराए गए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम को उच्च मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है, जो पौड़ी नगर के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा। उन्होंने बताया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैडमिंटन कोच की भी नियुक्ति की गई है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को बचपन से ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। खिलाड़ियों ने भी स्टेडियम के नए स्वरूप पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीएसटीओ राम सलोने, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह