पैठाणी महाविद्यालय में खुला मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र

 


पौड़ी गढ़वाल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का अध्ययन केंद्र खुलने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा जारी रखने का अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय की ओर से 17 अक्टूबर को जारी पत्र के अनुसार महाविद्यालय को अध्ययन केंद्र कोड 14057 आवंटित किया गया है। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन और प्रयासों से यह पहल साकार हुई। अध्ययन केंद्र के संयोजक डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने बताया कि एमओयू से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

प्राचार्य ने कहा कि अध्ययन केंद्र से उन विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा, जो आर्थिक, पारिवारिक या भौगोलिक कारणों से नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते हैं। इससे उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ पलायन पर अंकुश लगाने में भी मदद मिलेगी। महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं मीडिया प्रभारी डॉ. प्रकाश फोंदणी ने बताया कि यह केंद्र क्षेत्र में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह