पूर्व पालिकाध्यक्ष व सभासद ने पुराना कूड़ाखड्ड लैंड बैंक के रूप में विकसित करने की उठाई मांग

 


नैनीताल, 07 जुलाई (हि.स.)। नैनीताल के पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं वर्तमान सभासद मुकेश जोशी ने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल को पत्र भेजकर हल्द्वानी रोड स्थित पुराने कूड़ाखड्ड क्षेत्र को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए लैंड बैंक के रूप में आरक्षित करने की मांग की है। उनका कहना है कि भूमि का उपयोग शहर के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व अन्य जनहित कार्यों के लिए किया जा सकता है।

मुकेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार की नीति के तहत लैंड बैंक विकसित किए जा रहे हैं। वर्तमान में नगर पालिका को कूड़ा निस्तारण के लिए उपयुक्त भूमि की कमी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में हल्द्वानी रोड स्थित पुराने कूड़ाखड्ड के पास उपलब्ध भूमि को लैंड बैंक के रूप में सुरक्षित किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में शहर का कूड़ा निस्तारण और अन्य सार्वजनिक आवश्यकताओं के लिए इसका उपयोग किया जा सके। उन्होंने पालिकाध्यक्ष से प्रस्ताव पर विचार कर इसे शासन और शहरी विकास विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजने का आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी