पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ खिट्टा में पांडव नृत्य का समापन
नई टिहरी, 18 नवंबर (हि.स.)। प्रतापनगर ब्लॉक की भदूरा पट्टी के खिट्टा-मंजखेत में आयोजित पांडव नृत्य का समापन हो गया। इस अवस पर विशाल भंडारा आयोजित किया गया। पांडव नृत्य के समापन पर खिट्टा गांव में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। विधि-विधान से यज्ञ का पूर्णाहुति से समापन किया गया।
यज्ञ में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना करते हुए आहुतियां दी गईं। मां भगवती, माता द्रौपदी और पांडव देवताओं के जयकारों के बीच हुए समापन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। पांडव नृत्य का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि ग्रामीण एकता,आपसी भाईचारे और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण का भी संदेश दे गया।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भान सिंह नेगी, उद्योगपति चंद्रवीर पोखरियाल, प्रधान अनिल पोखरियाल, नगर पालिका मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण आदि ने पांडव नृत्य में शिरकत करते हुए देवी-देवताओं के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी