पुलिस ने अपहृत नाबालिग को बरामद किया
हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। थाना पिरान कलियर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 04 अप्रैल को सद्दीक पुत्र बहादुर अली, निवासी मोहल्ला बुध कॉलोनी, फतेहगंज (बरेली, उत्तर प्रदेश), हाल निवासी पीठ बाजार दोनों नहरों के बीच, पिरान कलियर, हरिद्वार ने थाना पिरान कलियर में अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। सद्दीक के अनुसार उनकी पुत्री घर से सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पिरान कलियर पुलिस ने तत्काल नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया और खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का सहारा लेते हुए नाबालिग के हुलिये और फोटोग्राफ के आधार पर स्थानीय लोगों तथा आने-जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की।
लगातार की गई तलाश और प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने इमाम साहब दरगाह परिसर, पिरान कलियर के पास से नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला